एक्सक्लूसिव खबरेंपिरान कलियर

जिला योजना समिति चुनाव: पिरान कलियर से नाजिम त्यागी होंगे प्रत्याशी

सभी सभासदों और सभासद प्रतिनिधि डॉ. शहजाद का समर्थन, अटकलों पर लगा विराम

ब्यूरो चीफ तौकीर आलम

पिरान कलियर। जिला योजना समिति के चुनाव में नगर पंचायत पिरान कलियर से वार्ड नंबर तीन के सभासद नाजिम त्यागी प्रत्याशी होंगे। उन्हें नगर पंचायत के सभी सभासदों और सभासद प्रतिनिधि डॉ. शहजाद का समर्थन मिला है। सर्वसम्मति से समर्थन मिलने के बाद प्रत्याशी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त उत्तराखंड के निर्देश पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने हरिद्वार जिले में जिला योजना समिति के चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया है। इसके तहत नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों में से कुल 13 सदस्यों का निर्वाचन किया जाएगा। इसके लिए पांच प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं।

नगर पंचायत पिरान कलियर प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र में नगर पंचायत भगवानपुर और नगर पंचायत इमलीखेड़ा भी शामिल हैं। इस क्षेत्र से जिला योजना समिति के लिए एक सदस्य चुना जाएगा। नाजिम त्यागी की उम्मीदवारी को सभी सभासदों का समर्थन मिलने से स्थानीय स्तर पर चुनावी हलचल तेज हो गई है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र 12 अक्टूबर 2026 को अपराह्न तीन बजे तक प्राप्त किए जा सकेंगे। इन्हें उसी दिन शाम चार बजे तक जिलाधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट रोशनाबाद में जमा करना होगा। नामांकन पत्रों की जांच 13 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से होगी, जबकि नाम वापसी 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक की जा सकेगी।

मतदान की आवश्यकता होने पर 16 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से अपराह्न तीन बजे तक मतदान होगा। इसके बाद उसी दिन मतगणना शुरू की जाएगी। नाजिम त्यागी की उम्मीदवारी पर सहमति बनने के बाद अब निगाहें निर्वाचन प्रक्रिया और अंतिम परिणाम पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!