लंबित न्यायिक वादों के शीघ्र निस्तारण और राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा, 23 जुलाई। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित स्टाफ बैठक में विभिन्न विभागों के न्यायिक वादों, कर संग्रहण तथा विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में अधीनस्थ न्यायालयों में लंबित एवं निस्तारित वादों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जून माह के अंत तक भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के 407 मामले लंबित हैं। जिलाधिकारी ने इन मामलों के शीघ्र और प्रभावी निस्तारण पर जोर दिया। साथ ही एनडीपीएस और पॉक्सो अधिनियम से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित लंबित मजिस्ट्रियल जांचों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत की जा रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए उन्होंने खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में राजस्व, पुलिस, आबकारी, जीएसटी सहित विभिन्न विभागों के न्यायिक वादों और कर संग्रहण की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विभागीय समन्वय के साथ कार्य करते हुए राजस्व प्राप्तियों में वृद्धि तथा लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, डीएफओ प्रदीप धौलाखंडी, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार तथा कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।














