मंगलौर विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी करतार सिंह भड़ाना ने गांव-गांव किया जनसंपर्क, 2027 में जीत का किया दावा
जिला प्रभारी गुलफान अहमद
मंगलौर! मंगलौर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना ने क्षेत्र में सक्रिय जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ संवाद करते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
नारसन स्थित कार्यालय पर आयोजित बैठक एवं प्रेस वार्ता के दौरान करतार सिंह भड़ाना ने मीडिया के समक्ष अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में जो खामियां रह गई थीं, उन्हें आने वाले समय में पूरी तरह से दूर किया जाएगा। साथ ही उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ कार्यकर्ता और समर्थक उस दौरान रास्ता भटक गए थे, लेकिन अब उन्हें फिर से साथ लाकर एकजुट होकर आगे बढ़ा जाएगा।
पूर्व मंत्री ने विश्वास जताते हुए कहा कि मजबूत रणनीति, जनसमर्थन और संगठनात्मक एकता के बल पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि जनता का भरोसा उनके साथ है और आगामी विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर विधानसभा तक पहुंचना उनका लक्ष्य है।














