पार्षद अमित शाह मोनू की पहल,सड़क कटिंग से क्षतिग्रस्त दो भवनों को मिलेगा मुआवजा, नौलों व रास्तों के सुधारीकरण के निर्देश

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। कर्नाटक खोला-रेलापाली लिंक मोटर मार्ग निर्माण के दौरान हुई कटिंग से प्रभावित दो भवनों, नौलों और मार्गों की समस्या पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पार्षद अमित साह मोनू ने मामला जिलाधिकारी अंशुल सिंह के समक्ष उठाया, जिसके बाद संबंधित विभाग को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए गए।
डीएम के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त दो भवनों का जायजा लिया गया। अधिशासी अभियंता ने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि नुकसान का नियमानुसार आकलन कर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को बताया कि सड़क कटिंग के कारण कुछ नौले, पैदल रास्ते और अन्य सार्वजनिक स्थल भी प्रभावित हुए हैं। इस पर विभाग ने क्षतिग्रस्त स्थलों का सुधारीकरण कराने का भरोसा दिया। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान बेतरतीब ढंग से डाली गई मिट्टी के कारण हो रही परेशानी को देखते हुए उसके उचित निस्तारण की भी बात कही गई।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि समस्या की जानकारी पार्षद अमित साह मोनू को दिए जाने के बाद उन्होंने इसे प्रमुखता से जिलाधिकारी के समक्ष रखा। इसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभागीय अधिकारियों को मौके पर भेजा।
निरीक्षण के दौरान पार्षद अभिषेक जोशी, स्थानीय निवासी नरेंद्र बिष्ट सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने पार्षद अमित साह मोनू, जिलाधिकारी अंशुल सिंह और अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि प्रभावित भवनों को मुआवजा मिलने के साथ ही नौलों, रास्तों और अन्य क्षतिग्रस्त स्थलों का सुधारीकरण जल्द कराया जाएगा।














