अल्मोड़ाएक्सक्लूसिव खबरें

अल्मोड़ा में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान होगा तेज, स्कूलों में बच्चों की गतिविधियों पर रहेगी नजर

 

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा

 

 

 

 

अल्मोड़ा, 23 नवंबर। जनपद में मादक पदार्थों की रोकथाम और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन ने जनजागरूकता अभियान तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकॉर्ड (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशे की रोकथाम, युवाओं और विद्यार्थियों को जागरूक करने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि नशे की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। उन्होंने समाज कल्याण, पुलिस, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने शिक्षा विभाग को विशेष रूप से विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों पर ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए। इसके लिए विद्यालयों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही शिक्षकों को विद्यार्थियों के व्यवहार और गतिविधियों पर नजर रखने को कहा। यदि किसी बच्चे के व्यवहार में असामान्य परिवर्तन दिखाई देता है तो अभिभावकों से संवाद स्थापित कर समय रहते आवश्यक परामर्श और सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि नशामुक्ति अभियान में युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को अभियान से जोड़कर उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि युवा स्वयं जागरूक होने के साथ ही समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचा सकें।

उन्होंने पुलिस विभाग को मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए सतर्कता बनाए रखने तथा स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभाग को नशे से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपजिलाधिकारी संजय कुमार, जसमीत कौर, वर्षा जोशी, पुलिस क्षेत्राधिकारी बलवंत सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र राम कोहली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!