अल्मोड़ाएक्सक्लूसिव खबरें

दीपावली को लेकर अलर्ट मोड में अल्मोड़ा पुलिस, सोमेश्वर में व्यापारियों और टैक्सी यूनियन के साथ बैठक, लमगड़ा में ग्राम प्रहरियों को दिए सुरक्षा के निर्देश

 

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा

 

 

 

अल्मोड़ा। दीपावली को लेकर अलर्ट मोड में अल्मोड़ा पुलिस, सोमेश्वर में व्यापारियों और टैक्सी यूनियन के साथ बैठक, लमगड़ा में ग्राम प्रहरियों को दिए सुरक्षा के निर्देश।

आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए अल्मोड़ा पुलिस द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को कोतवाली सोमेश्वर एवं थाना लमगड़ा पुलिस ने विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित कर आमजन को सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के प्रति जागरूक किया।

कोतवाली सोमेश्वर में प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन जोशी ने आमजन, टैक्सी यूनियन, व्यापार मंडल एवं पटाखा विक्रेताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी से दीपावली का त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।

बैठक में व्यापार मंडल एवं टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों को बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, वाहनों को निर्धारित स्थानों पर खड़ा करने तथा अनावश्यक जाम की स्थिति से बचने के निर्देश दिए गए। वहीं पटाखा विक्रेताओं को निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन करने, तय स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री करने और अग्नि सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम रखने के निर्देश दिए गए।

वहीं दूसरी ओर थाना लमगड़ा में थानाध्यक्ष ने ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर उन्हें धनतेरस एवं दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा मिष्ठान वितरित किया। इस दौरान आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

थानाध्यक्ष ने ग्राम प्रहरियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि बनाए रखने, गांवों में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखने तथा बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की जानकारी तत्काल थाना पुलिस को देने को कहा।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि त्योहार को खुशियों और सौहार्द के साथ मनाएं तथा सुरक्षा एवं यातायात संबंधी नियमों का पालन कर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!