स्प्रिंग डेल्स इंटर कॉलेज में ट्रैफिक पुलिस ने चलाया यातायात जागरूकता अभियान

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोडके के निर्देशानुसार जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को स्प्रिंग डेल्स इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के लिए यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सीओ अल्मोड़ा/यातायात बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक यातायात हयात सिंह एवं ट्रैफिक पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व और यातायात नियमों के पालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के संबंध में जागरूक किया गया।
इसके अलावा विद्यार्थियों को खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, स्टंट करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन से होने वाले जोखिमों के बारे में भी बताया गया। ट्रैफिक पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए छात्रों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। जागरूकता और सावधानी से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।














