वनाग्नि रोकथाम और जंगलों के संरक्षण को लेकर अल्मोड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
शीतलाखेत मॉडल को ग्रामीण विकास का अनुकरणीय उदाहरण बनाने पर जोर, वनाग्नि नियंत्रण में जुटे ग्रामीणों और महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठा

ब्यूरो गढ़वाल की पीड़ा
अल्मोड़ा। विश्व आपदा प्रबंधन शिखर सम्मेलन के तहत मानसखंड विज्ञान केंद्र, अल्मोड़ा में वनाग्नि की रोकथाम और जंगलों के संरक्षण को लेकर ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्याहीदेवी क्षेत्र के आसपास के गांवों के ग्रामीणों, वन विभाग के अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शोधार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान वन संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता और वनाग्नि से निपटने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. रीमा पंत के प्रारंभिक संबोधन से हुआ। उन्होंने आपदाओं से होने वाले नुकसान और आपदा प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्याहीदेवी-शीतलाखेत क्षेत्र में वन संरक्षण के लिए किए जा रहे सामुदायिक प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय महिलाओं, पुरुषों, समाजसेवियों और वन विभाग के संयुक्त प्रयासों से विकसित हो रहा शीतलाखेत मॉडल वनाग्नि की रोकथाम और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का अनुकरणीय उदाहरण बन रहा है।
डॉ. पंत ने वन संरक्षण में ग्रामीण महिलाओं के पारंपरिक ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की भूमिका को केवल श्रम तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे उनकी आर्थिक स्वतंत्रता, निर्णय लेने की क्षमता, सुरक्षा और सम्मान से भी जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने शीतलाखेत मॉडल को वन संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन, जैव विविधता संरक्षण, स्थानीय आजीविका और महिला सशक्तीकरण से जोड़कर समग्र ग्रामीण विकास का मॉडल बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर अनीता डंगवाल ने जंगल के दोस्त समूह की गतिविधियों और वनाग्नि की घटनाओं से निपटने के अनुभव साझा किए। उन्होंने जंगलों में आग लगने से रोकने के उपायों और आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। वहीं नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि वर्ष 2012 में काफी हद तक उजाड़ हो चुका वन क्षेत्र आज सहायक प्राकृतिक पुनर्जनन (एएनआर) के प्रयासों से फिर से हरा-भरा हो गया है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सहभागिता और निरंतर प्रयासों से जंगलों को दोबारा विकसित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने वनाग्नि नियंत्रण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जंगलों की आग बुझाने में सहयोग करने वाले ग्रामीणों को सुरक्षा मास्क, दस्ताने और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाने चाहिए, ताकि उनकी जान और स्वास्थ्य सुरक्षित रह सकें।
वर्चुअल माध्यम से जुड़े आरडी जोशी ने वनाग्नि नियंत्रण में सक्रिय महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने आग बुझाने के कार्य में शामिल महिलाओं का बीमा कराने, उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उनके योगदान को उचित पहचान एवं सम्मान देने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में गिरीश शर्मा, गणेश पाठक, सोनिया बिष्ट, जानकी बिष्ट, रवि परिहार, हेमा पाठक और दीप चंद्र बिष्ट ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का समन्वय जंगल के दोस्त समूह के गजेंद्र पाठक ने किया। अंत में मानसखंड विज्ञान केंद्र के डॉ. जीसीएस नेगी ने वन संरक्षण के वर्तमान परिदृश्य में कार्बन क्रेडिट की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मानसखंड विज्ञान केंद्र की सह प्रभारी डॉ. प्रियंका अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी, शोधार्थी और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में लगभग 40 लोगों ने प्रतिभाग कर वन संरक्षण और वनाग्नि की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों का संकल्प लिया।














